इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने दमोह जिले में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों और विभिन्न ब्लॉक स्तरों पर प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला दहन किया।
यह विरोध प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन में पूरे मध्य प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में दमोह जिला मुख्यालय सहित जबेरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बस स्टैंड पर एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की और मंत्री विजयवर्गीय का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गोविंद तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, नोहटा उपब्लॉक अध्यक्ष संतोष रजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पुतला दहन के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की गई थी।
कड़ी पुलिस व्यवस्था के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री का पुतला जलाने में सफल रहे। कई स्थानों पर कार्यकर्ता हाथों में जला हुआ पुतला लहराते नजर आए तो कहीं बीच सड़क पर पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि मंत्री विजयवर्गीय सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।
