मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

खैरमंडल क्षेत्र के नाकापिंडराइ गांव में देर रात एक तेंदुए ने एक गाय का शिकार कर लिया, जबकि दो से तीन गायें घायल बताई जा रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए ने एक महिला पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन महिला जान बचाकर भागने में सफल रही।
ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ एक कुत्ते को भी उठाकर ले गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर कुलदीप चौहान मौके पर पहुंचे और मृत गाय का पंचनामा कराया गया। वन विभाग द्वारा मृत गाय का मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है।
यह घटना 16 फरवरी देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
