अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के न्यू कबाड़ खाना निवासी मोहम्मद इरफान बीते दिनों 2 लाख 70 हजार रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात ठगों ने रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर ऑनलाइन माध्यम से उनके खाते से रकम पार कर दी थी, जिसके बाद पीड़ित ने NIT पत्रकार अबरार अहमद खान की मदद से साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपाल साइबर क्राइम ने त्वरित कार्रवाई की। शैलेन्द्र सिंह चौहान (एडिशनल डीसीपी क्राइम) के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं बैंक समन्वय के माध्यम से राशि को होल्ड कराया। टीम के सदस्य मोहित दास के विशेष प्रयासों से पूरे 2 लाख 70 हज़ार रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर मोहम्मद इरफान ने साइबर क्राइम टीम एवं पत्रकार का आभार व्यक्त किया।पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अधिक कमाई का दावा करने वालों से दूर रहें।
यूट्यूब सब्सक्राइब या इंस्टा लाइक के बदले पैसे देने वाली योजनाएं धोखाधड़ी हो सकती हैं।
अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम, क्रेडिट कार्ड, OTP, CVV, PIN या पासवर्ड बिल्कुल न दें।
किसी भी UPI पेमेंट रिसीव करने के लिए OTP या PIN की जरूरत नहीं होती।
अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड न करें और AnyDesk, TeamViewer जैसे रिमोट ऐप्स का उपयोग न करें।
लॉटरी, गिफ्ट, नौकरी या निवेश के नाम पर आने वाले कॉल/मैसेज से सावधान रहें।
व्हाट्सएप पर अनजान वीडियो कॉल आने पर तुरंत कैमरा ऑन न करें।
बैंक या KYC के नाम पर कॉल आने पर पहले अपनी शाखा में जाकर पुष्टि करें।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए कम बैलेंस वाला अकाउंट उपयोग करें और पासवर्ड नियमित रूप से बदलते रहें।
यदि कोई भी सायबर अपराध घटित होता है तो तत्काल भोपाल सायबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
सायबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।
