मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार ग्वालियर जाने के लिए घर से निकला एक युवक रेलवे पटरी पार कर रहा था, इसी दौरान कोयले से भरी मालगाड़ी आ गई, जिससे युवक की मौके पर ही कटकर मौत हो गई और शव दो हिस्सों में बंट गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरीश तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जीआरपी को सूचना दी गई। मृतक की पहचान राजदीप पिता मनीष रावतेल (उम्र 18 वर्ष), निवासी चांदामेटा मंगली बाजार के रूप में हुई है।
यह हादसा आज रात लगभग 12:15 बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
