शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

कर्मा ब्लॉक सभागार में पंचायती राज विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत विकास योजना विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, सचिव एवं पंचायत सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीओ आईएसबी अनंत सिंह एवं वरिष्ठ लिपिक निसार अहमद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षक रोहित कुमार त्रिपाठी, विनय कुमार चौबे एवं संजू कुशवाहा ने क्रमशः ग्राम पंचायत विकास योजना, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
प्रशिक्षक संजू कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना की कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने सतत विकास लक्ष्य की 9 थीमों में महिला सहभागिता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशिक्षण में इंटिको प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आए हुए प्रतिभागियों के लिए नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। मौके पर एजेंसी के सहयोगी संचालक अजय कुमार, विवेक मिश्रा, दिवाकर सहित सैकड़ों प्रतिभागी उपस्थित रहे।
