रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पंचकुई तीर्थ स्थल में कृपाओं की माँ मरियम का वार्षिक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सहित आसपास के विभिन्न जिलों और राज्यों से हजारों श्रद्धालु तीर्थ स्थल पहुंचे और माता मरियम के चरणों में अपनी प्रार्थनाएँ अर्पित कीं।
महोत्सव के दिन प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। पूरे परिसर में प्रार्थना, भजन और आराधना की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियाँ जलाकर, पुष्प अर्पित कर तथा व्यक्तिगत एवं पारिवारिक मनोकामनाओं के लिए विशेष प्रार्थनाएँ कीं।

दिन भर विभिन्न समयों पर पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आत्मिक आशीष प्राप्त की। महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय आध्यात्मिक साधना (रिट्रीट) का भी आयोजन किया गया, जिसमें परमेश्वर के वचन के माध्यम से विश्वासियों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर माता मरियम की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्ति गीत गाते और प्रार्थना करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

मुख्य अनुष्ठानों के दौरान वक्ताओं ने कहा कि माता मरियम का जीवन विश्वास, विनम्रता और आज्ञाकारिता का सर्वोत्तम उदाहरण है। उन्होंने श्रद्धालुओं को ईश्वर में दृढ़ विश्वास रखते हुए प्रेम, शांति और एकता का जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
महोत्सव को सफल बनाने में झाबुआ डायोसिस के पुरोहितों, धर्मबहनों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रहीं, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
मीडिया प्रभारी फादर मनीष डामोर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कृपाओं की माँ मरियम, पंचकुई का यह वार्षिक महोत्सव श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक आनंद के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने श्रद्धालुओं के विश्वास को और अधिक दृढ़ किया।
