इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेन्दूखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर व्यारमा नदी के टूटे पुल से बाइक गिरने के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक सागर जिले से शादी समारोह में शामिल होने दमोह के तेन्दूखेड़ा क्षेत्र आ रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पहले से क्षतिग्रस्त पड़े पुल के नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अजय घोषी (21) पिता दारा सिंह घोषी, अमित कुर्मी (21) पिता दुर्गा कुर्मी और पवन कर्मी (22) पिता प्रकाश कर्मी के रूप में हुई है। तीनों सागर जिले के रहली क्षेत्र के छिरारी थाना इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। वे दमोह जिले के तारादेही थाना क्षेत्र के समनापुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पुल के पहले से क्षतिग्रस्त होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से पुल की खराब स्थिति को लेकर प्रशासन को अवगत कराने की बात कही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
