अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त कराने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में सभी केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए और परीक्षा केन्द्रों पर अनावश्यक भीड़ न होने दी जाए, ताकि परीक्षार्थियों को प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा से जुड़ी मुख्य बातें
जिले में अनुमंडल-वार कुल 61 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
परीक्षा 17 से 25 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी।
प्रथम पाली: सुबह 9 बजे के बाद प्रवेश नहीं।
द्वितीय पाली: दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं।
अनुमंडल-वार केन्द्र और परीक्षार्थी
सदर भागलपुर: 42 केन्द्र, प्रति पाली 16,576 परीक्षार्थी
नवगछिया: 10 केन्द्र, प्रति पाली 3,372 परीक्षार्थी
कहलगांव: 9 केन्द्र, प्रति पाली 3,286 परीक्षार्थी
सुरक्षा एवं नियम
मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केन्द्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
सभी परीक्षार्थियों की गेट पर अनिवार्य फ्रिस्किंग होगी; महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा अलग घेरा बनाकर की जाएगी।
केन्द्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी कर्मी के पास मोबाइल फोन नहीं रहेगा।
परीक्षा अवधि में फोटोस्टेट, कॉपीयर आदि मशीनों का उपयोग वर्जित रहेगा।
मुख्य द्वार के अलावा अन्य सभी द्वार सुबह 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक बंद रहेंगे।
परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी; केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा नियंत्रण कक्ष अनुमंडल कार्यालय, सदर भागलपुर परिसर के सभाकक्ष में संचालित रहेगा। बैठक में अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
