CM डॉ. मोहन यादव का 14 फरवरी को बुरहानपुर दौरा, विधायक अर्चना चिटनिस ने अधिकारियों संग किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को प्रस्तावित बुरहानपुर आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल एवं प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, हेलीपैड, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के नगर प्रवास के दौरान आम जन को कार्यक्रम स्थल पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और नगर में आवागमन भी सुचारु रहे, इसके लिए पूर्व नियोजित कार्य योजना बनाई जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल पर आने वाली जनता की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। श्रीमती चिटनिस ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही शहर में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा घेरे एवं पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार करने की बात कही, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विकास की सौगात: करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष, आधारभूत संरचना एवं प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े करोड़ों रुपये की लागत के अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा बुरहानपुर एवं निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर क्षेत्र के लिए नई विकास घोषणाएं भी होने की संभावना है, जिससे जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

जनता एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह

मुख्यमंत्री के आगमन एवं विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version