जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विधायक अर्चना चिटनिस ने जल प्रदाय, सीवरेज और शहरी विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मंगलवार को जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति (DLRMC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में कलेक्टर हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, नेपानगर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती भारती विनोद पाटील, परियोजना अधिकारी एवं आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेपानगर एवं शाहपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

रेणुका झील उन्नयन कार्य पर विशेष समीक्षा

बैठक में श्रीमती चिटनिस ने नगर निगम बुरहानपुर द्वारा संचालित रेणुका झील उन्नयन परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने झील का कार्य फरवरी 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। भविष्य में झील क्षेत्र में बोटिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई तथा संपूर्ण व्यवस्था के संचालन एवं संधारण हेतु आउटसोर्स मॉडल अपनाने का सुझाव दिया गया, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

जल प्रदाय योजना में अहम निर्देश

नगर निगम बुरहानपुर की जल प्रदाय योजना की समीक्षा के दौरान विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने इनटेक वेल एवं ट्रीटमेंट प्लांट पर स्टैंड-बाय ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि किसी भी ब्रेकडाउन की स्थिति में जल प्रदाय व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।

सीवरेज योजना में गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर

सीवरेज योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जल प्रदाय पाइपलाइन से सीवर लाइन को पर्याप्त एवं निर्धारित दूरी पर डाला जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के कंटैमिनेशन की आशंका समाप्त हो सके। सीवरेज की ड्राइंग एवं डिजाइन शीघ्र पूर्ण कर अनुमोदन के उपरांत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।

अमृत 2.0 अंतर्गत शाहपुर में निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

अमृत 2.0 योजनांतर्गत शाहपुर नगर परिषद में निर्माणाधीन एप्रोन निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि यह कार्य वर्षाकाल से पूर्व 31 मई 2026 तक पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

जनसुविधा और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका संकल्प है।

बैठक में कलेक्टर हर्ष सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत नेपानगर नगर पालिका परिषद में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण हेतु चयनित भूमि का अग्रिम आधिपत्य प्राप्त कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इससे नगर क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

नेपानगर की जल प्रदाय योजना में रेलवे लाइन क्रॉसिंग हेतु रेलवे से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। ट्रेंचलेस पद्धति से पाइपलाइन डालने का कार्य आगामी 15 दिवस में पूर्ण कर सुचारू जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version