वीआईपी रोड बना स्टंट का मैदान, नियमों को ठेंगा दिखाते रसूखदार युवक | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2026/02/VID-20260210-WA0033.mp4

राजधानी की सड़कों पर एक बार फिर कानून को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कथित रसूखदार युवकों ने वीआईपी रोड और एयरपोर्ट रोड जैसी व्यस्त सड़कों पर चलती कारों से हुड़दंग मचाया और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बीच सड़क पर गाड़ियां रोककर आम जनता के लिए रास्ता बाधित किया गया। कारों को लहराते हुए चलाया गया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सांसें अटक गईं। किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन रसूख के नशे में चूर लोग अपनी और दूसरों की जान की कीमत भूल बैठे।

बताया जा रहा है कि यह खतरनाक स्टंट वीआईपी रोड से लेकर एयरपोर्ट रोड तक किए गए, जहां भारी यातायात रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही के दौरान कानून के रखवाले कहां थे? क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए है और रसूखदारों के लिए सड़कों पर अराजकता फैलाने की खुली छूट है?

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो किसी दिन यह “मौत की सवारी” किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती है।

अब देखना यह है कि भोपाल पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है, या फिर यह मामला भी वायरल वीडियो तक ही सीमित रह जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version