मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
सतना जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के समीप ग्राम पंचायत परसिया के अधीन ग्राम मोहनी में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ठेकेदार शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी, कोठी (सतना) द्वारा पैकेज क्रमांक एम.पी.34डब्लू.बी.28 के अंतर्गत बेला गोबिंदगढ़ रोड से मोहनी तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया था।
यह सड़क महज डेढ़ वर्ष में ही गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण ठेकेदार द्वारा 5 साल की गारंटी के तहत किया गया था, लेकिन गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद ठेकेदार द्वारा केवल गड्ढों को अस्थायी रूप से ढकने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया और सही तरीके से सड़क निर्माण की मांग की। विरोध के बाद ठेकेदार के प्रतिनिधियों ने उचित सामग्री लाकर सड़क सुधारने का आश्वासन दिया और कार्य रोक दिया।
क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय इंजीनियर, जिला कलेक्टर सतना/मैहर और आयुक्त रीवा को आवेदन देकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुधारने की मांग की है।
