भोपाल साइबर क्राइम की चेतावनी: APK स्कैम से रहें सावधान वरना हो सकते हैं ठगी का शिकार | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल की साइबर क्राइम पुलिस ने आम नागरिकों को APK स्कैम के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। साइबर पुलिस द्वारा जारी जागरूकता सूचना में बताया गया है कि अज्ञात स्रोतों से प्राप्त .apk फाइलें मोबाइल फोन को हैक कर सकती हैं और इनके माध्यम से बैंक लॉगिन डिटेल्स, एसएमएस, ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां चुराकर खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं।

साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, ठग अलग-अलग सरकारी योजनाओं और सेवाओं के नाम पर फर्जी APK फाइलें भेज रहे हैं। इनमें E-Challan.apk, Pradhan Mantri Awas.apk, 5G.apk, PMKisanYojna.apk, RTO Challan.apk जैसी फाइलें शामिल हैं, जिन्हें डाउनलोड करते ही मोबाइल पर मौजूद संवेदनशील डाटा खतरे में पड़ सकता है।

सुरक्षित रहने के लिए साइबर पुलिस की अपील

ई-मेल, मैसेज या व्हाट्सएप से आई अज्ञात फाइलें कभी डाउनलोड न करें।

.apk फाइल भेजने वाले की पहचान करें, संदेह होने पर तुरंत रिपोर्ट कर ब्लॉक करें।

मोबाइल में “Install Unknown Apps/Sources” विकल्प बंद रखें।

बैंक खाता, ओटीपी, सीवीवी नंबर जैसी निजी जानकारी किसी से साझा न करें।

किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें।

यदि गलती से फर्जी APK इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत करें ये कदम

मोबाइल का इंटरनेट बंद करें।

बैंक को सूचित कर पासवर्ड बदलें।

जी-मेल आईडी का पासवर्ड बदलकर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू करें।

व्हाट्सएप में लिंक्ड डिवाइसेस चेक कर अज्ञात डिवाइस को लॉग-आउट करें।

साइबर क्राइम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version