बहन की बर्थडे पार्टी के लिए समोसे लेने निकले 17 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन चालक फरार | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

विजयपुर स्थित एनएफएल टाउनशिप में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय तनिष्क परिहार की मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच एनएफएल गेट के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने तनिष्क को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल तनिष्क को परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन कई अस्पतालों के चक्कर लगाने के बाद अंततः जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार तनिष्क परिहार, संतोष परिहार का पुत्र था। संतोष परिहार एनएफएल में रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। तनिष्क परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और उसके दो छोटे भाई-बहन हैं। घटना के समय वह अपनी बहन की बर्थडे पार्टी की तैयारियों में जुटा हुआ था और पालिका बाजार से समोसे लेने निकला था। इसी दौरान एनएफएल गेट के पास बीच सड़क पर अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद परिजन उसे एनएफएल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां प्राथमिक उपचार नहीं किया गया और हालत गंभीर बताकर उसे गुना रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे गुना के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से भी गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने एनएफएल अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि समय पर इलाज मिलता तो शायद तनिष्क की जान बच सकती थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद एनएफएल टाउनशिप में शोक की लहर फैल गई है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version