भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के नाम पर वसूली करने वाला फ़र्ज़ी डॉक्टर गिरफ्तार | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के परिजनों से डॉक्टर बनकर ठगी करने वाले एक शातिर युवक को कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इलाज और ऑपरेशन के नाम पर मरीजों के परिजनों से फोन पर संपर्क कर पैसे ऐंठता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने थाने में लिखित शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, हमीदिया अस्पताल शहर ही नहीं बल्कि प्रदेश का एक प्रतिष्ठित और पुराना अस्पताल है। बीते कुछ दिनों से अस्पताल के पोर्टल और प्रबंधन को यह शिकायतें मिल रही थीं कि प्रसूता और अन्य भर्ती मरीजों के परिजनों से कोई अज्ञात व्यक्ति खुद को डॉक्टर बताकर 5-5 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इसी क्रम में 6 फरवरी 2026 को फरियादी नितेश विश्वकर्मा ने थाना कोहेफिजा में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी के इलाज के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने डॉक्टर बनकर ऑपरेशन के नाम पर 5,000 रुपये ले लिए।

शिकायत के आधार पर थाना कोहेफिजा में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-3 श्री अभिनव चौकसे एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 श्रीमती शालिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में, सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहानाबाद श्री अनिल वाजपेई के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर सेल जोन-3 की तकनीकी मदद ली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान जितेंद्र खागरे पिता दीनदयाल खागरे उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम खापा, थाना आठनेर, जिला बैतूल के रूप में हुई। आरोपी को क्राइम ब्रांच भोपाल एवं थाना कोहेफिजा की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हमीदिया अस्पताल में चार लोगों से ठगी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी की सीडीआर और टावर लोकेशन के विश्लेषण में उज्जैन, इंदौर, देवास सहित अन्य शहरों के सरकारी अस्पतालों के आसपास उसकी मौजूदगी सामने आई है। पुलिस अब अन्य अस्पतालों में की गई ठगी की घटनाओं और आरोपी के संभावित साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में ठगी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होगा।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शुक्ला, उनि उपेंद्र नाथ सिंह, उनि आरती धुर्वे, सउनि दीपक मानकर, सउनि मेहमूद अली, प्रआर मनीष यादव, आर दीपेंद्र, आर शिवम (साइबर सेल जोन-3), प्रआर 413 ज्ञानेन्द्र, आर 1602 रवि चोबे, आर 2077 आकाश, आर 3687 अलीशान खान सहित थाना कोहेफिजा एवं क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम की अहम भूमिका रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version