अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल, माननीय विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष अग्रवाल, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. गीता चोपड़ा तथा माननीय सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि श्री एस.पी. अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में पंचायती राज विभाग एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं पर आधारित गोष्ठी/सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस दौरान संसद में प्रस्तुत किए जा रहे वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में प्रधान संघ के अध्यक्ष श्री पवन मिश्रा द्वारा माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल, माननीय विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान तथा जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल ने ग्राम प्रधानों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ग्रामों के समग्र विकास की बड़ी जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों पर है। ग्राम प्रधानों द्वारा सड़कों, नालियों सहित मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से गांवों को विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। जब गांव विकसित होंगे तभी प्रदेश और देश विकसित होगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में कालानमक चावल और मछली उत्पादन में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा भविष्य में मखाना की खेती को बढ़ावा देकर जनपद को इस क्षेत्र में भी अग्रणी बनाया जाएगा।
सांसद ने कहा कि संसद में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट में महिलाओं एवं विकास कार्यों के लिए पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा भारत एक ग्रोथ इंजन के रूप में आत्मनिर्भर बनेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सभी जिला मुख्यालयों पर महिला छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा। स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर पहले लगने वाला 05 प्रतिशत टैक्स घटाकर 02 प्रतिशत कर दिया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार वितरण कर उनके स्वास्थ्य की देखभाल करती हैं। वे कम मानदेय के बावजूद कड़ी मेहनत से समाज एवं शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य कर रही हैं। सरकार शीघ्र ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि करेगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. गीता चोपड़ा ने “आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ भारत के भविष्य की आधारशिला” विषय पर अपने विचार रखते हुए बच्चों के समुचित पोषण, विकास तथा शिक्षण पद्धतियों में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रमिला मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त कर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल द्वारा माननीय विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की उपस्थिति में प्रो. डॉ. गीता चोपड़ा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, सचिवों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी श्री वाचस्पति झा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री साहब यादव, सीडीपीओ, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ एवं सहायिकाएँ उपस्थित रहीं।
