इरशाद आलम, परासिया/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए डोंगर परासिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर की गई है।

पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विनोद मालवी द्वारा की गई गतिविधियों से संगठन की छवि को गंभीर क्षति पहुंची है, जिसे पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है।
जिलाध्यक्ष ने जारी किया निष्कासन आदेश
भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा 31 जनवरी 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निष्कासन तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश पत्र में कहा गया है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप
नगर पालिका अध्यक्ष के निष्कासन से छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस फैसले का स्थानीय राजनीति पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
