मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
ज़िला बुरहानपुर पुलिस द्वारा “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” थीम पर 1 से 31 जनवरी तक चलाए गए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान का भव्य समापन आज 31 जनवरी 2026 को गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं ज़िला दंडाधिकारी श्री हर्ष सिंह तथा विशेष अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार उपस्थित रहे।
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश ने माहभर चलाए गए अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 300 से अधिक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए, वाहन चालक–परिचालकों के लिए नि:शुल्क मेडिकल परीक्षण शिविर लगाए गए, 18 वर्ष से अधिक बालिकाओं व महिलाओं के लिए पिंक लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नि:शुल्क हेलमेट वितरण किया गया। इसके साथ ही स्कूल–कॉलेजों में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आरक्षक मोहित शर्मा ने सड़क सुरक्षा पर कविता पाठ कर उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत आयोजित मेडिकल परीक्षण शिविरों में सहयोग देने वाली डॉक्टरों की टीम तथा नि:शुल्क ड्राइविंग/लर्निंग लाइसेंस शिविर में सहयोग देने वाली आरटीओ टीम को भी मंच से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश देकर जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे में वाहन न चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने शासन की राहवीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना तथा कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की जानकारी दी और यातायात नियमों को आदत बनाने की अपील की।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों ने सभी नागरिकों और विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में एडीएम श्री वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार, कार्यपालन यंत्री श्रीमती रेखा श्रीवास्तव, सीएचएमओ डॉ. राजेंद्र वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रविंद्र महाजन, आरटीओ श्री चंद्रशेखर बाथम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से श्री निलेश गुप्ता, रोटरी एवं ताप्ती सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, थाना प्रभारी, नगर रक्षा समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
