अंधत्व निवारण की दिशा में बड़ा कदम: बुरहानपुर में 5 फरवरी से निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी शिविर | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु एवं विश्वविख्यात आध्यात्मिक हस्ती आक़ा व मौला सैयदना आली क़दर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब (TUS) क़िब्ला की रज़ा एवं दुआ मुबारक से, दरगाह-ए-हकीमी बुरहानपुर के सहयोग से विज़न प्लस फाउंडेशन, मुंबई द्वारा सर्व समाज के ज़रूरतमंदों के लिए एक विशाल निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से ज़रूरतमंद मरीजों को आंखों की रोशनी प्रदान करना है।

शेख शब्बीर भाई मेंडडा वाला एवं शेख मुस्तफा भाई उज्जैन वाला ने बताया कि शिविर में मरीजों के लिए निःशुल्क भोजन एवं आवास की व्यवस्था दरगाह-ए-हकीमी बुरहानपुर के सौजन्य से की जाएगी।

विज़न प्लस फाउंडेशन के प्रवक्ता एवं अमूर सेहत कोऑर्डिनेटर मोहम्मद मर्चेंट ने शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है—

05 फरवरी 2026:
मरीजों का चयन एवं जांच प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक की जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक डायग्नोसिस एवं ऑपरेशन से पूर्व आवश्यक (Pre-Op) जांच की जाएगी।

06 फरवरी 2026:
प्रथम चरण के ऑपरेशन (1st OT) किए जाएंगे।

07 फरवरी 2026:
द्वितीय चरण के ऑपरेशन (2nd OT) संपन्न होंगे।

08 फरवरी 2026:
सभी मरीजों को स्वास्थ्य लाभ के पश्चात डिस्चार्ज दिया जाएगा।

मोतियाबिंद सर्जरी शिविर का आयोजन दरगाह-ए-हकीमी बुरहानपुर में किया जाएगा, जबकि ऑपरेशन शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (एसपीएम हॉस्पिटल), लालबाग रोड में किए जाएंगे।

शिविर की मुख्य विशेषताएं

अधिकांश ऑपरेशन आधुनिक फेको (Phaco) पद्धति से किए जाएंगे।

अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिनमें डॉ. सुमीत लाहाणे (मुंबई), डॉ. निखिल कंदुरवार (नागपुर), डॉ. श्रुति पाटिल (पुणे) एवं डॉ. युगंधरा पटाडे (मुंबई) शामिल हैं। सभी डॉक्टर IOL कैटरेक्ट सर्जरी करेंगे।

मरीज आयुष्मान कार्ड या अपडेटेड आधार कार्ड (आभा आईडी) साथ लेकर आएं।

ऑपरेशन, दवाइयां, भोजन एवं आवास पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

ऑपरेशन के 7 दिन बाद फॉलो-अप तथा 21 दिन बाद अंतिम जांच (Refraction) की जाएगी, जिसके बाद मरीजों को नंबर के चश्मे भी निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने जिले की जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक ज़रूरतमंद इस शिविर का लाभ उठाएं।

By nit

Exit mobile version