अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
सायबर अपराधी अनजान व्यक्तियों का शोषण करने के लिए लगातार अपनी रणनीति विकसित कर रहे हैं। ऐसे में भोपाल सायबर पुलिस ने अपराधों को रोकने के लिए एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधान रहने के लिए कहा है। पुलिस ने ज़ारी एडवाइजरी में कहा है कि
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर इन दिनों अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिदिन हजारों रुपये कमाने का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
सायबर क्राइम पुलिस के अनुसार, ठग पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम या यूट्यूब चैनल को लाइक, फॉलो या सब्सक्राइब करने जैसे छोटे-छोटे टास्क देते हैं। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए पीड़ित के बैंक खाते में 50 से 100 रुपये ट्रांसफर कर दिए जाते हैं। इसके बाद अधिक कमाई का लालच देकर बड़े अमाउंट के टास्क दिए जाते हैं, जिसमें पीड़ित से बैंक खाता, यूपीआई या अन्य वित्तीय जानकारी प्राप्त कर ली जाती है और फिर धीरे-धीरे खाते से बड़ी रकम निकाल ली जाती है।
सायबर पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन वेबसाइट पर दिखने वाला बैलेंस पूरी तरह फर्जी होता है, जिसका उद्देश्य केवल लोगों को भ्रमित करना है। ऐसे किसी भी टास्क या योजना के झांसे में न आएं।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान:
सोशल मीडिया पर अधिक कमाई का दावा करने वालों से दूर रहें।
यूट्यूब सब्सक्राइब या इंस्टा लाइक के बदले पैसे देने वाली योजनाएं धोखाधड़ी हो सकती हैं।
अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम, क्रेडिट कार्ड, OTP, CVV, PIN या पासवर्ड बिल्कुल न दें।
किसी भी UPI पेमेंट रिसीव करने के लिए OTP या PIN की जरूरत नहीं होती।
अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड न करें और AnyDesk, TeamViewer जैसे रिमोट ऐप्स का उपयोग न करें।
लॉटरी, गिफ्ट, नौकरी या निवेश के नाम पर आने वाले कॉल/मैसेज से सावधान रहें।
व्हाट्सएप पर अनजान वीडियो कॉल आने पर तुरंत कैमरा ऑन न करें।
बैंक या KYC के नाम पर कॉल आने पर पहले अपनी शाखा में जाकर पुष्टि करें।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए कम बैलेंस वाला अकाउंट उपयोग करें और पासवर्ड नियमित रूप से बदलते रहें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि कोई भी सायबर अपराध घटित होता है तो तत्काल भोपाल सायबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
सायबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।
