इटवा में विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 01 फरवरी को, विभिन्न विभागों की टीमें लेंगी हिस्सा | New India Times

निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

इटवा में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 01 फरवरी 2026 को माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज के खेल मैदान में किया जाएगा।

इस क्रिकेट टूर्नामेंट में इटवा क्षेत्र की विभिन्न विभागीय एवं सामाजिक टीमों की सहभागिता रहेगी। प्रतियोगिता में मीडिया इटवा, स्वास्थ्य विभाग इटवा, बैंक कर्मी, विकास विभाग इटवा लीजेंड तथा इटवा में कार्यरत सरकारी अध्यापकों की टीमें भाग लेंगी।

टूर्नामेंट के आयोजक निहाल चौधरी (पत्रकार, इटवा) ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को बढ़ावा देना, खेलों के प्रति रुचि विकसित करना तथा युवाओं और बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

आयोजकों के अनुसार, खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे की भावना भी सुदृढ़ होती है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया है।

टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन भविष्य में इटवा क्षेत्र में इस तरह के अन्य खेल आयोजनों के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।

By nit

Exit mobile version