रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नगर की सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं पर तिरंगा फहराया गया। झाबुआ जिले भर में गणतंत्र दिवस की धूम रही और विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में नगर के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ शामिल हुए। प्रभात फेरी दशहरा मैदान स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुँची, जहाँ देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं नागरिकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए नकद राशि प्रदान कर तालियों से उनका स्वागत किया।

शौर्य पुरस्कार से सम्मान
वीरता के लिए चिराग राजावत को अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर शौर्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

दशहरा मैदान में मुख्य कार्यक्रम
मेघनगर जनपद अध्यक्ष श्रीमती ललिता मुकेश मुणिया ने दशहरा मैदान पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी तथा सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार द्वारा किया गया।

विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल सिंह वर्मा ने नगर परिषद कार्यालय भवन पर ध्वजारोहण किया। नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार ने आज़ाद चौक पर, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मेघा भूपेश भानपुरिया ने बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा के पास ध्वजारोहण किया।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती ललिता मुकेश मुणिया ने जनपद पंचायत प्रांगण में ध्वजारोहण किया। लोकप्रिय समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन (पप्पू भैया) ने अपने कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। सेंट अर्नोल्ड स्कूल परिसर में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनोद नायक एवं प्राचार्य फादर एंड्रयूज लोबू ने ध्वजारोहण किया।
जीवन ज्योति हॉस्पिटल में निर्देशक फादर पी.ए. थॉमस ने, रोटरी क्लब अपना के सचिव कमलेश गरवाल ने थेरेपी सेंटर पर ध्वजारोहण किया।
पड़वाल हॉस्पिटल में समाजसेवी नवलसिंह नायक, मेघेश्वर महादेव शंकर मंदिर (राम रोटी अणु दरबार) में राहुल सिंह वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में डॉ. विनोद नायक द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
शेरानीपुरा मेघनगर में युवा नेता इरफान नेता, कमांडर चौक झाबुआ चौराहे पर वरिष्ठ नागरिक रामप्रसाद गोस्वामी, श्रीसंघ उपाध्यक्ष नरेंद्र रांका एवं परिषद के प्रदेश मंत्री व ज्ञान मंदिर ट्रस्टी शरद बाफना द्वारा भी ध्वजारोहण किया गया।
नगर में गणतंत्र दिवस की तैयारियाँ दो दिन पूर्व से चल रही थीं। पूरे नगर में देशभक्ति, उल्लास और उत्सव का वातावरण रहा और 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
