आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:
मौ नगर में 26 जनवरी के अवसर पर नगर परिषद द्वारा सभी विद्यालयों के सहयोग से सामूहिक गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर के शासकीय विद्यालय परिसर में भव्य रूप से किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्रीमान लाल सिंह आर्य ने परेड की सलामी ली। उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वंदना सज्जन सिंह यादव एवं शिक्षक श्री महबूब खान भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों ने नाटक, गीत एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुछ प्रस्तुतियों ने जहाँ लोगों की आँखें नम कर दीं, वहीं कुछ ने सभी को हँसने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यालय संचालकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों को मिष्ठान वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
