संजलपुर में भीषण आग से छप्परनुमा घर और भूसाखाना राख, तीन बच्चों समेत पूरा परिवार बेघर | New India Times

गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2026/01/VID-20260124-WA0173.mp4
New India Times

सम्मनपुर थाना क्षेत्र के संजलपुर गांव में शुक्रवार देर शाम लगभग छह बजे अचानक लगी भीषण आग से एक परिवार का छप्परनुमा कच्चा घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में घर के बगल में स्थित भूसा व अन्य पशुचारा रखने का ढांचा भी आ गया, जिससे वहां रखा पूरा भूसा और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत राम बहाल राजभर के घर से हुई। अचानक उठी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में घर के साथ-साथ पास में बना भूसा रखने का शेड भी आग की चपेट में आ गया।

आग फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों और मोटर पंप की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक परिवार का आशियाना और बगल का ढांचा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

राम बहाल राजभर के परिवार में तीन छोटे बच्चे, माता-पिता शामिल हैं। इस हादसे में परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग में उनकी पूरी गृहस्थी, भोजन सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं नष्ट हो गई हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि आग से न केवल घर, बल्कि पशुओं का चारा रखने का स्थान भी समाप्त हो गया है, जिससे परिवार की आजीविका और दैनिक जीवन पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों ने प्रशासन से राहत सामग्री, अस्थायी आवास और आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version