सद्दाम हुसैन, लखनऊ, NIT;

पत्नी से झगड़े के बाद बच्चों संग गोमती नदी में कूदे सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट विशंभर दयाल मौर्या का शव चार दिन बाद बुधवार सुबह नदी में तैरता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मड़ियांव के आईआईएम रोड निवासी सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट विशंभर दयाल मौर्या (46) पत्नी अनुराधा से झगड़े के बाद शनिवार सुबह दो मासूम बच्चों के साथ घैला पुल से गोमती नदी में कूद गया था।
सात वर्षीय तेजस तो किसी तरह तैरकर बाहर आ गया लेकिन तीन साल का बेटा वंश और डिप्टी कमांडेंट डूब गए। सीआरपीएफ की रेस्क्यू टीम ने उसी दिन दोपहर में वंश का शव खोज लिया था जबकि डिप्टी कमांडेंट का पता नहीं चल सका था।
मूलरूप से मलिहाबाद क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी विशंभर दयाल मौर्या सीआरपीएफ बिजनौर में तैनात था। करीब डेढ़ साल पहले झारखंड से तबादला होने पर वह लखनऊ आया और आईआईएम रोड स्थित एल्डिको कॉलोनी में मकान किराये पर लेकर परिवार सहित रह रहा था।
