बागपत की बेटी खुशबू सोलंकी को यू-ट्यूब से मिला सिल्वर प्ले बटन, 1 लाख सब्सक्राइबर्स पूरे होने पर जिले का नाम किया रोशन | New India Times

विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:

विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपनी सुरीली और मधुर आवाज से देश-दुनिया में पहचान बनाने वाली बागपत की बेटी, सुप्रसिद्ध भजन गायिका, लेखिका एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खुशबू सोलंकी को उनके यू-ट्यूब चैनल “सुन लो भजन” के 1 लाख सब्सक्राइबर्स पूरे होने पर यू-ट्यूब द्वारा सिल्वर प्ले बटन प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जैसे ही यह खबर जनपदवासियों को मिली, बागपत, खिंदौड़ा और नोएडा स्थित उनके आवास पर शुभचिंतकों एवं समर्थकों का तांता लग गया। लोगों ने उन्हें बधाई दी, मुंह मीठा कराया तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

खुशबू सोलंकी ने बताया कि उन्हें भजन गायन की प्रेरणा अपनी दादी नेत्रवती देवी से मिली। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्हें भजन गाने का शौक रहा है, जिसमें उन्हें अपने मायके, ससुराल पक्ष एवं पति धर्मेंद्र सिंह का निरंतर सहयोग प्राप्त होता रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि वह बागपत नगर निवासी प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. रामस्वरूप सिंह एवं नेत्रवती देवी की पोती तथा गजेंद्र सिंह एवं अनीता देवी की सुपुत्री हैं। खुशबू सोलंकी ने एम.ए. एवं बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की है। उनकी शादी जनपद बागपत के खिंदौड़ा गांव में हुई है तथा वर्तमान में वह नोएडा में निवास कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 के दौरान नोएडा में रहते हुए उन्होंने यू-ट्यूब पर “सुन लो भजन” नाम से चैनल की शुरुआत की थी, जिस पर अब तक हजारों भजन अपलोड किए जा चुके हैं। 1 लाख सब्सक्राइबर्स पूरे होने पर यू-ट्यूब की ओर से उन्हें फोन द्वारा सूचना दी गई और रिवार्ड के रूप में सिल्वर प्ले बटन प्रदान किया गया।

खुशबू सोलंकी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय भगवान श्रीकृष्ण, लड्डू गोपाल जी, अपने मायके-ससुराल पक्ष, पति धर्मेंद्र सिंह, गुरूजनों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य धन कमाना नहीं, बल्कि निस्वार्थ भाव से भगवान की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, खुशबू सोलंकी के चाचा लवेंद्र माधव गोपाल जी, भाई राहुल तोमर, रवि तोमर, बहन तनुराधा तोमर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की।

By nit

Exit mobile version