अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
चुनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चेराकेपुरा गांव में तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करना मौर्य परिवार को भारी पड़ गया। रविवार रात हुई हिंसक मारपीट की घटना बुधवार को हत्या में तब्दील हो गई।
घटना में गंभीर रूप से घायल 32 वर्षीय रविचंद्र मौर्य, पुत्र गोपीचंद मौर्य, की लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब आठ बजे मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। समाचार लिखे जाने तक शव गांव नहीं पहुंच सका था। तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह बड़ी संख्या में हथियारबंद लोग गांव में आकर हमला कर गए, उससे साफ जाहिर होता है कि अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मंजरी राव ने बताया कि युवक की मौत के बाद दर्ज मुकदमे की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए उसे बीएनएस की धारा 109(1) के अंतर्गत परिवर्तित किया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने मामले में लीपापोती करने का प्रयास किया। हाल ही में नगर क्षेत्र में खुलेआम हिंसक झड़प और लाठियां चलने की घटनाएं भी चर्चा में रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
