मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान की आड़ में छिंदवाड़ा जिले में लोकतंत्र को कमजोर करने की एक सुनियोजित साजिश सामने आई है। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं उनके बूथ लेवल एजेंट (BLA) सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर अवैध, अनैतिक एवं असंवैधानिक दबाव बनाकर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जबरन कटवाने का प्रयास कर रहे हैं।

युवा कांग्रेस नेताओं ने इसे कोई प्रशासनिक त्रुटि नहीं, बल्कि संगठित वोट चोरी की साजिश करार दिया है। इन्हीं आरोपों के साथ विधानसभा जुन्नारदेव के युवा कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेसजनों की उपस्थिति में छिंदवाड़ा कलेक्टर के नाम एक विस्तृत ज्ञापन, अपनी मांगों के साथ, जुन्नारदेव एसडीएम श्रीमती कामिनी ठाकुर को सौंपा।
ज्ञापन में मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने की कथित भाजपा साजिश का विस्तार से उल्लेख करते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने, निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा बिना किसी वैधानिक आपत्ति, आवश्यक दस्तावेज या सत्यापन के मनगढ़ंत सूचियां बीएलओ को सौंपी जा रही हैं तथा उन पर नाम विलोपित करने का दबाव बनाया जा रहा है। यह भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है और संविधान प्रदत्त मताधिकार पर सीधा हमला है।
कमजोर वर्गों को बनाया जा रहा निशाना
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिन मतदाताओं के नाम कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है, उनमें अल्पसंख्यक समुदाय, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के मतदाता बड़ी संख्या में शामिल हैं। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए जनसमर्थन नहीं, बल्कि मताधिकार छीनने की राजनीति कर रही है।
चुनाव आयोग के स्पष्ट नियमों के बावजूद कुछ बीएलओ द्वारा भाजपा नेताओं की सूचियों को स्वीकार किया जाना गंभीर चिंता का विषय बताया गया है। युवा कांग्रेस ने इसे राजनीतिक दबाव अथवा प्रशासनिक मिलीभगत का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष माननीय श्री राहुल गांधी द्वारा उठाया गया “वोट चोरी” का मुद्दा आज छिंदवाड़ा में ज़मीनी हकीकत के रूप में सामने आता दिखाई दे रहा है। भाजपा निष्पक्ष चुनाव से भयभीत होकर मतदाता सूची में हेरफेर कर सत्ता बचाने का प्रयास कर रही है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक भी वैध मतदाता का नाम जबरन काटा गया, यदि भाजपा नेताओं एवं दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और यदि इस लोकतंत्र विरोधी साजिश को तुरंत नहीं रोका गया, तो युवा कांग्रेस छिंदवाड़ा से लेकर प्रदेश स्तर तक उग्र जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा सरकार एवं प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपते समय वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी.आर. बोनिया, बी.एल. तागड़ी, पूरण धुर्वे, रमेश साहू, तामिया पर्यवेक्षक घनश्याम तिवारी, पूर्व नगर अध्यक्ष सुधीर लदरे, ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजुद्दीन सिद्दीकी, शशिकांत मालवीय, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित राय, विधानसभा आईटी सेल अध्यक्ष यशदीप साहू, राजेश पाटिल, उस्मान सिद्दीकी, दिलीप साहू, शिवराम चौरे, संतोष जंघेला, सुनील विश्वकर्मा, कैलास पथरोड, महादेव परतेती, अजय साहू, अमित दुर्गे, योगेश नागेश, प्रवीण सिंह, राहुल जयसवाल, विवेक शर्मा, सुदीप चौहान, असलम खान, प्रमोद कहार, राजेश अतुलकर, अहमद खान, विजय गुप्ता, अनिल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
