दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में 20 से अधिक महत्वपूर्ण मांगें रखीं रेलवे अधिकारियों के समक्ष | New India Times

आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक तुली इंटरनेशनल होटल, नागपुर में सांसद बंटी विवेक साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के सांसदों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने छिंदवाड़ा व पांढुर्णा जिलों में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर 20 से अधिक महत्वपूर्ण मांगें रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखीं। उन्होंने विशेष रूप से आमला–छिंदवाड़ा रेल खंड के दोहरीकरण तथा सागर–छिंदवाड़ा रेल लाइन को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने की मांग उठाई।

सांसद ने छिंदवाड़ा–नरसिंहपुर होते हुए सागर तक प्रस्तावित रेलवे लाइन के पुनरीक्षित सर्वे को लेकर रेलवे अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांगा। साथ ही छिंदवाड़ा–नागपुर, छिंदवाड़ा–सिवनी एवं छिंदवाड़ा–आमला रेल खंड के दोहरीकरण को क्षेत्र की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र कार्य शुरू करने की मांग की।

इसके अलावा सांसद साहू ने छिंदवाड़ा के चारफाटक क्षेत्र में स्थित रेलवे ओवरब्रिज को नरसिंहपुर मार्ग से जोड़ने हेतु नए ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

रेलवे अधिकारियों ने सांसद की मांगों को गंभीरता से लेते हुए परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Exit mobile version