निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा थाना पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान एक सराहनीय मानवीय कार्य सामने आया है। दिनांक 19/20 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 12 बजे, कस्बा इटवा में गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कमरुद्दीन पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी मैकडीह मुजहनिया, थाना श्रीदत्तगंज, जनपद बलरामपुर, उम्र लगभग 14 वर्ष बताया।
सुरक्षा की दृष्टि से की गई तलाशी के दौरान बालक के पास से एक कीमती हार, एक मोबाइल फोन तथा ₹31,630 नकद बरामद हुए। बरामद सामान को देखते हुए पुलिस बालक को थाना इटवा लेकर आई और उसके परिजनों को दूरभाष के माध्यम से तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बालक के पिता श्री अब्दुल रहमान पुत्र कल्लू थाना इटवा पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा दिनांक 19 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 8–9 बजे घर से उक्त कीमती सामान व नकद राशि लेकर निकल गया था, जिसकी वे लगातार तलाश कर रहे थे। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर ही उन्हें बेटे के सकुशल मिलने की जानकारी प्राप्त हो सकी।
पूरी तरह से तस्दीक किए जाने के बाद पुलिस द्वारा बालक को तथा उसके पास से बरामद जेवरात, मोबाइल फोन एवं नकद राशि उसके पिता को सुपुर्द कर दी गई। आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर बालक को सकुशल परिजनों के साथ थाने से रुखसत किया गया।
इस संवेदनशील एवं सतर्क कार्रवाई के लिए क्षेत्रवासियों ने थाना इटवा पुलिस की खुले दिल से प्रशंसा की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की सजगता ने न केवल एक नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया, बल्कि पुलिस के प्रति जनविश्वास को भी और मजबूत किया है।
