मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रार्थी कमलेश सल्लाम पिता अंबालाल सल्लाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बानाबेहरा, थाना दमुआ ने अपने बड़े भाई साहूलाल सल्लाम की उपस्थिति में थाना पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी ने बताया कि गांव का राहुल नर्रे पिता सुमरन नर्रे, उम्र 22 वर्ष तथा उसके चाचा का लड़का अतरसिंह सल्लाम पिता बिस्सुसिंह, उम्र 25 वर्ष, दिनांक 17.01.2026 को दोपहर करीब 4 बजे मिथलेश सल्लाम को लेने सारणी गए थे। मिथलेश सल्लाम गांधीग्राम, जिला बैतूल में जेसीबी का कार्य करता था।
रात्रि लगभग 10:10 बजे गांव के कोटवार मुकेश नागले ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही प्रार्थी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा, जहां उसे ज्ञात हुआ कि दुर्घटना घटित हो चुकी है।
बताया गया कि अतरसिंह सल्लाम मोटरसाइकिल क्रमांक MP 28 ZL 3522 पर राहुल नर्रे और मिथलेश सल्लाम को बैठाकर सारणी से ग्राम बानाबेहरा लौट रहा था। जब वे रात करीब 10 बजे जामुनढाना के पास बानाबेहरा पुल पर पहुंचे, तभी दमुआ की ओर से आ रही कार क्रमांक 25 BH 5681 P के अज्ञात चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में मिथलेश सल्लाम के नाक व कान से खून निकलने लगा और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं अतरसिंह सल्लाम को बाएं पैर के घुटने के पास सूजन, दाहिने पैर के घुटने के नीचे सूजन, हाथ व दाढ़ी में खून से सनी चोटें आईं। राहुल नर्रे को दाहिने पैर के घुटने के पास सूजन तथा बाईं आंख के ऊपर-नीचे और नाक पर चोटें आईं।
घायलों को तत्काल दमुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
