गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:
अकबरपुर नगर की सुंदरता और विकास को लेकर नगर पालिका परिषद ने एक व्यापक योजना तैयार की है, जिस पर 17 जनवरी 2026 को आयोजित बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में नगर पालिका सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में सभासद अशोक कुमार, जयराम, सवीना खातून, काजी सरल, प्रदीप मिश्रा, सत्या, राजकुमार, सुरेंद्र गुप्ता, अतुल वर्मा, दुर्गावती, अनिल कुमार, मो. सलीत, संदीप चौहान, शिवकुमार, कविता देवी, वैभव गुप्ता, उषा देवी, आदित्य प्रताप, अरविंद कुमार, बेबी तबस्सुम, गीता देवी एवं नीतू चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा विशाल सारस्वत (डिप्टी कलेक्टर/अधिशासी अधिकारी), शैलेंद्र सिंह (अवर अभियंता–जल), मालविका सिंह (अवर अभियंता–सिविल), अनूप कुमार (प्रधान लिपिक), ओंकारनाथ तिवारी (लेखाकार) एवं रवि उपाध्याय भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक का संचालन अनूप कुमार, प्रधान लिपिक द्वारा किया गया।
बैठक में नगर के सौंदर्याकरण एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के उपरांत बोर्ड द्वारा निर्णय लिया गया कि नगर क्षेत्र में “सीवरेज एवं जल निकासी” मद के अंतर्गत पुराने नालों के स्थान पर नए नालों का निर्माण किया जाएगा।
इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग की धनराशि से ट्रॉली–2, छोटा हाथी–5, ट्रैक्टर–2, फॉगिंग मशीन–2, ई-रिक्शा, 100 हत्थू ठेला, 50 डस्टबिन कंटेनर, हरा-नीला डस्टबिन 150 सेट एवं 1 रिफ्यूज कंपेक्टर कूड़ा गाड़ी की खरीद के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
वार्ड नंबर 18 अब्दुल्लापुर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में त्रिकोण पार्क एवं प्रतिमा स्थापना, जिला मुख्यालय अकबरपुर के समीप आजमगढ़ चारलेन मार्ग पर स्थित नव-निर्मित बाईपास तिराहे का नामकरण “पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहा”, प्रत्येक वार्ड में अस्थायी/नवीन पराग दुग्ध (मिल्क पार्लर) की स्थापना हेतु 10×20 फीट स्थान आवंटन का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इसके अतिरिक्त राजस्व ग्राम मोहसिनपुर–मंसूरपुर स्थित गाटा संख्या 940 में 1200 वर्ग गज भूमि पर ई.सी.एच.एस. पॉली क्लीनिक की स्थापना, नगर क्षेत्र में 1000 नग 120 वॉट एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीद, निकाय की आय बढ़ाने के लिए पेट्रोल पंप स्थापना, विज्ञापन होर्डिंग शुल्क की नीलामी, नगर सुदृढ़ीकरण हेतु टाउन प्लानर की नियुक्ति तथा नगर सौंदर्याकरण के तहत डिवाइडर के दोनों ओर रेलिंग/जाली लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
सभी सभासदों ने कार्ययोजना की सराहना करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
