मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
आदिवासी विधानसभा क्षेत्र जुन्नारदेव में शिक्षा स्तर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इसका मुख्य कारण शासकीय सेवकों की लापरवाही मानी जा रही है। कई मामलों में शासकीय शिक्षक शिक्षा की गरिमा को ठेस पहुँचाते हुए विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में शिक्षकों की मनमानी और लापरवाही के अनेक मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
ताजा मामला जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संकुल केंद्र घानाउमरी के हाई स्कूल खिड़की कनेरी का है। गुरुवार सुबह 10:30 बजे तक न तो स्कूल के प्रभारी प्राचार्य उपस्थित थे और न ही कोई अतिथि शिक्षक। इस स्थिति में स्कूल के चपरासी द्वारा ही विद्यार्थियों की सुबह की प्रार्थना कराई जा रही थी।
इसी दौरान संकुल प्राचार्य घानाउमरी मनोज कुमार दोहरे निरीक्षण के लिए विद्यालय पहुँचे। निरीक्षण में स्कूल में कई अनियमितताएं और कमियां सामने आईं। विद्यार्थियों ने शिकायत करते हुए बताया कि प्रभारी प्राचार्य अक्सर विलंब से विद्यालय आते हैं। वे बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से आवागमन करते हैं और कई बार दोपहर 12, 1 या 2 बजे तक ही स्कूल पहुँचते हैं।
विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि स्कूल में एक अतिथि शिक्षिका को नियमों के विरुद्ध प्रयोगशाला सहायक के रूप में पदस्थ किया गया है। यह शिक्षिका प्राचार्य के साथ ही आवागमन करती है और कभी-कभार ही स्कूल आती है, लेकिन उपस्थिति पंजी में प्रतिदिन उनके हस्ताक्षर पाए गए।
नियम विरुद्ध अतिथि शिक्षक की नियुक्ति का मामला
जानकारी के अनुसार प्रभारी प्राचार्य बलदेव सिंह देवड़े द्वारा पूर्व में शासन द्वारा पदस्थ अतिथि शिक्षिका प्रयोगशाला सहायक को बिना किसी ठोस कारण के हटा दिया गया तथा अपने परिचय की एक अन्य महिला को अतिथि शिक्षक (प्रयोगशाला सहायक) के रूप में नियुक्त कर दिया गया।
वर्तमान में यह नियुक्ति नियमों के विपरीत बताई जा रही है।
आरोप है कि संबंधित अतिथि शिक्षिका कभी-कभी स्कूल आकर उपस्थिति पंजी में एक साथ कई दिनों के हस्ताक्षर करती है। यह भी सामने आया है कि नियम विरुद्ध नियुक्ति के कारण उच्च अधिकारी कार्यालय से उनका वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। यह भी जांच का विषय है कि बिना प्रशासनिक स्वीकृति के अतिथि शिक्षक की नियुक्ति कैसे की गई।
अधिकारियों का पक्ष
मनोज कुमार दोहरे,
संकुल प्राचार्य, घानाउमरी
“गुरुवार को खिड़की कनेरी हाई स्कूल का निरीक्षण किया गया। प्राचार्य लगभग एक घंटे बाद स्कूल पहुँचे। विद्यार्थियों ने प्राचार्य की अनुपस्थिति और अतिथि शिक्षक प्रयोगशाला सहायक की अनियमितता की शिकायत की है। पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को कार्रवाई हेतु भेजी जा रही है।”
ओ.पी. जोशी,
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जुन्नारदेव
“स्कूल के प्रभारी प्राचार्य की अनियमितताओं संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। उन्हें मूल शाला भेजे जाने के लिए सहायक आयुक्त को पत्र लिखा जाएगा।”
