रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झकनावदा में मानव सेवा और जीवदया की भावना को साकार करते हुए जीवदया संगठन के राष्ट्रीय संयोजक पवन नाहर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एम.एल. जैन के नेतृत्व में राष्ट्रीय सचिव मनीष कुमट ने जरूरतमंद मरीज के लिए 20वीं बार रक्तदान कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ हितेश राठौड़ ने भी दूसरी बार रक्तदान कर मानवता के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
आगे आकर स्वेच्छा से करें रक्तदान
रक्तदान के दौरान मनीष कुमट ने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। वहीं हितेश राठौड़ ने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह जरूरतमंदों के जीवन के लिए संजीवनी बनता है।
रक्तदाताओं की हुई सराहना
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दोनों रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। रक्तदान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की जांच कर सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया।
अंत में उपस्थित लोगों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हेमेन्द्र कुमार जोशी, मनोहर सिंह राठौर (सेमलिया), गोपाल राठौड़, संजय व्यास, राजेंद्र मिस्त्री, कृष्णा श्रीवास्तव, नंदू दैया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

