रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मेघनगर स्थित सुराणा कंपाउंड में समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन (पप्पू भय्या), उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा जैन, पुत्र जैकी जैन एवं जैन परिवार द्वारा जरूरतमंद और गरीब परिवारों को कंबल, अनाज एवं मिठाई का वितरण किया गया। इसके साथ ही गोमाता को गुड़, तिल की मिठाई एवं हरा चारा खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।

झाबुआ जिले के लोकप्रिय समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन एवं उनका परिवार धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सदैव अग्रणी रहता है। जब भी पुण्य कार्य करने का अवसर मिलता है, जैन परिवार उसे कभी नहीं चूकता।

इसी भावना के तहत मकर संक्रांति के अवसर पर जरूरतमंद गरीब परिवारों को कंबल, अनाज, मिठाई एवं नगद राशि का वितरण किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग पप्पू भय्या जैन के निवास पर पहुंचे। वितरण कार्यक्रम के दौरान गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की आंखें भर आईं और उन्होंने जैन परिवार का हृदय से धन्यवाद करते हुए आशीर्वाद एवं दुआएं दीं।
