अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
सायबर अपराधियों ने अब राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड के परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बोर्ड का अधिकारी बताकर परीक्षा में पास कराने का लालच दे कर ठगी का शिकार बना रहे हैं।मामला सामने आने के बाद राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड के नाम पर फोन कर रहे जिन व्यक्तियों के नाम बताए जा रहे हैं, उस नाम का कोई भी कर्मचारी बोर्ड में कार्यरत नहीं है। बोर्ड ने यह भी दोहराया कि किसी भी परीक्षार्थी को पैसे लेकर पास कराना पूरी तरह असंभव है। सभी परीक्षाओं के परिणाम केवल उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के आधार पर ही घोषित किए जाते हैं।
छात्रों और अभिभावकों को ठगी से बचाने के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर 0755-2671066 जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति जानकारी, शिकायत या किसी भी कॉल की सत्यता की पुष्टि कर सकता है।
राज्य ओपन स्कूल बोर्ड ने साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस तरह के किसी भी लालच या फोन कॉल पर भरोसा न करें और तुरंत बोर्ड की हेल्पलाइन पर संपर्क कर जानकारी दें, ताकि समय रहते ठगी को रोका जा सके।
