जुन्नारदेव में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से एक की मौत, चार बीमार; नगर पालिका अध्यक्ष ने किया अस्पताल का दौरा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से एक की मौत, चार बीमार; नगर पालिका अध्यक्ष ने किया अस्पताल का दौरा | New India Times

जुन्नारदेव नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में नगर पालिका कार्यालय के समीप स्थित एक दुकान के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़ी गई एक थैली के सेवन से एक ही परिवार के पांच लोग बीमार हो गए। सभी ने थैली में रखी सामग्री का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

गंभीर हालत में एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य लोगों का उपचार नादो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

मृतक की पहचान पीएचई विभाग में पदस्थ दशरू यदुवंशी के रूप में हुई है। वहीं बीमार चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिनमें मुकेश कचोरिया की पत्नी संतोषी, पुत्री खुशबू, पूजा एवं पिता सुंदरलाल कचोरिया शामिल हैं।

डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीज उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ अस्पताल लाए गए थे और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे अस्पताल पहुंचे और मरीजों से मुलाकात कर डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने इस मामले की जानकारी सांसद तक पहुंचाते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी के मार्गदर्शन में डॉक्टरों की टीम मरीजों का उपचार कर रही है। वहीं सूचना मिलते ही जुन्नारदेव थाना से उप निरीक्षक मनोज चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मरीजों के बयान दर्ज किए।

मिठाई छोड़ गई बड़ा सवाल

घटना के बाद खाद्य विभाग द्वारा क्षेत्र में जांच की गई, लेकिन यह जांच केवल औपचारिकता तक सीमित नजर आई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहरी क्षेत्र में विभागों की जानकारी के बावजूद एक्सपायरी डेट की दवाइयां, खाद्य सामग्री एवं मिठाइयां खुलेआम बेची जा रही हैं।

घटना के पश्चात अधिकारियों द्वारा मिठाइयों के नमूने जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभागीय कार्रवाई केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article