अशफ़ाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झालावाड़ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता (SE) विष्णु चंद गोयल को रिश्वत के रूप में महंगा iPhone लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
ACB महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार, एक ठेकेदार ने शिकायत की थी कि वह विभाग में हैंडपंप रिपेयर और पाइपलाइन लीकेज का कार्य करता है। उसके बकाया बिल पास करने और काम पर आपत्ति न लगाने के बदले SE गोयल अगस्त से ही एप्पल फोन की मांग कर रहे थे। ठेकेदार को काम से डीबार करने की धमकी भी दी गई थी।
iPhone 16 Pro की डिमांड, योजना बनाकर की गिरफ्तारी
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने लगभग 1.50 लाख रुपये कीमत वाले iPhone 16 Pro की मांग की थी। ACB ने 7 जनवरी को गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। शुक्रवार को जैसे ही परिवादी ने योजना के तहत फोन सौंपा, टीम ने SE को रंगे हाथों धर दबोचा।
ठिकानों पर तलाशी जारी
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ACB) स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी के घर और अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी है। ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
