नकदी चोरी कर उड़ाया मज़ा, पुलिस ने आरोपी की मौज पर लगाया ब्रेक | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में हुई 22 लाख रुपये की नकद चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

पुलिस ने अब तक आरोपी से कुल 13 लाख 85 हजार रुपये नकद, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक लैपटॉप बरामद कर लिया है, जबकि 3 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में फ्रीज कराए गए हैं।

कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि मंगलवार को आरोपी कमल कुमार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से पहले 5 लाख 85 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप बरामद किया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य चुराए गए पैसों और उनसे खरीदी गई अपाचे मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी दी। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने 8 लाख रुपये नकद और अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

आरोपी कमल ने चोरी की रकम में से 3 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा करवा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने फ्रीज करा दिया है। इस तरह पुलिस अब तक कुल 13 लाख 85 हजार रुपये नकद और 3 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कर चुकी है।

पूरा मामला:
4 जनवरी को फतेहपुर कस्बे के वार्ड नंबर 44 निवासी विनोद कुमार पुत्र द्वारका प्रसाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनके दो भाई इटली जाने वाले थे और एजेंट को देने के लिए 22 लाख रुपये घर की अलमारी में रखे गए थे। बाद में जब पैसे संभाले गए तो वे गायब मिले, जिसके बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।

रसमलाई में नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप:
विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि कमल ने उनकी मां को अपनी धर्म की मां बना रखा था। एक दिन कमल रसमलाई लेकर आया और मां को खिलाई, जिसके बाद उनकी मां काफी समय तक होश में नहीं रहीं। भरोसे के कारण उस समय शक नहीं हुआ, लेकिन पैसे गायब होने पर संदेह कमल पर गया।

महंगी जिंदगी जी रहा था आरोपी:
पुलिस के अनुसार चोरी के बाद आरोपी ने महंगे कपड़े, जूते, लैपटॉप और मोटरसाइकिल खरीदी। वह जयपुर से हवाई जहाज से बेंगलुरु गया, जहां महंगे होटलों में रुककर मौज-मस्ती कर रहा था।

By nit

Exit mobile version