भागीरथपुरा जल संकट: 20 मौतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय पैदल मार्च 11 जनवरी को इंदौर में | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जहरीला और दूषित पानी पीने से अब तक 20 निर्दोष नागरिकों की मौत और 1000 से अधिक लोग बीमार हुए हैं। इस हृदयविदारक घटना ने भाजपा सरकार की लापरवाही, असंवेदनशीलता और प्रशासनिक विफलता को उजागर कर दिया है।

इन मौतों और नागरिकों के जीवन के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल के आह्वान पर दिनांक 11 जनवरी 2026, रविवार को सुबह 11 बजे बड़ा गणपति मंदिर, इंदौर से राजवाड़ा चौक स्थित माँ अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा स्थल तक प्रदेश स्तरीय पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा।

इस जनआक्रोश कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर की ओर से जिले की सभी कांग्रेस इकाइयों, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल, वार्ड, NSUI, युवा कांग्रेस, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया गया है।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें:

इंदौर के असफल महापौर को तत्काल पद से हटाया जाए।

जनता के प्रति अमर्यादित भाषा और असंवेदनशील रवैये के लिए मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल इस्तीफ़ा लिया जाए।

जहरीले पानी से हुई मौतों के लिए सरकार द्वारा घोषित 2 लाख रुपये के अपमानजनक मुआवज़े को बढ़ाकर प्रत्येक मृतक परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाए।

पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए और कठोरतम कार्रवाई की जाए।

जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों को सख्त सजा नहीं दी जाएगी, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

यह पैदल मार्च केवल विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि जनता के जीवन, सम्मान और मौलिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version