आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
छिंदवाड़ा जिले के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण सामने आया है। शासकीय हाई स्कूल माल्हनवाड़ा में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक (विज्ञान) श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और निरंतर मेहनत के बल पर श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास ने ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैंपियनशिप में लगातार चौथी बार मध्यप्रदेश टीम में प्रथम वरीयता के साथ स्थान प्राप्त किया है। वे चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महिला टीम की कप्तान के रूप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिससे छिंदवाड़ा जिले की प्रतिभा और समर्पण को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी।
ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन चंडीगढ़ में 12 से 16 जनवरी तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश टीम के चयन हेतु भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में 3 और 4 जनवरी को राज्य स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए थे, जिनमें श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास का चयन लगातार चौथी बार हुआ।
श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास जबलपुर संभाग की एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं, जिनका सिविल सर्विस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। उन्होंने ओपन नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस टूर्नामेंट में हैदराबाद और इंदौर में दो बार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
वर्तमान में वे मध्यप्रदेश में 40 प्लस आयु वर्ग में प्रथम वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। राज्य स्तर पर भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। ग्वालियर में आयोजित स्कूल शिक्षा विभाग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उन्होंने ट्रिपल क्राउन (तीन स्वर्ण पदक) जीतकर स्टेट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा छिंदवाड़ा सांसद खेल महोत्सव में 19 प्लस सीनियर वर्ग में भी उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।
