इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

रेल यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। आगरा से मुंबई जा रही लश्कर एक्सप्रेस में एक शातिर बदमाश ने बुजुर्ग महिला यात्री के सिरहाने रखा बैग लूट लिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। बैग में करीब साढ़ेे सात तौला सोना, आधा किलो से अधिक चांदी और नगदी सहित लाखों का सामान था। मामला जीआरपी थाना गुना के अंतर्गत शून्य पर दर्ज कर जांच में लिया गया है।
नींद में थी महिला, बदमाश ने मारा झपट्टा
फरियादिया बेबीताई (60 वर्ष), निवासी आगरा, अपने पति बाबूराव माली के साथ ट्रेन संख्या 12162 लश्कर एक्सप्रेस के कोच एस-3 में सफर कर रही थीं। जब ट्रेन गुना स्टेशन पहुंचने से महज 10 मिनट पहले धीमी हुई, तभी घात लगाए बैठे एक अज्ञात बदमाश ने महिला के सिरहाने रखा पिंक कलर का हैंडबैग झपट लिया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेन से नीचे कूद गया।
लाखों के थे जेवरात
पीडि़त महिला के अनुसार, बैग में सोने की चार चूडिय़ां, एक मंगलसूत्र, सोने की जंजीर (ओम लॉकेट सहित), सात अंगूठियां, कान के टॉप्स और मटर माला (कुल वजन करीब 7.5 तौला सोना) मौजूद था। इसके अलावा 250 ग्राम चांदी की पायल, 600 ग्राम चांदी की सिल्लियां, 56 हजार रुपये नगद और जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड व राशन कार्ड भी बैग में रखे थे। घटना के बाद घबराई महिला ने भोपाल जीआरपी को सूचना दी, जिसके बाद रानी कमलापति स्टेशन पर शून्य पर देहाती नालसी दर्ज की गई। चूंकि वारदात गुना क्षेत्र की है, इसलिए केस डायरी असल अपराध कायम करने हेतु जीआरपी थाना गुना भेजी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गुना स्टेशन के आसपास के संदेही क्षेत्रों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश में जुट गई है।
