वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर के लोक सभागार में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक निर्देश जारी किए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट भी वितरित की गई।
जनसुनवाई के दौरान डीएम और एसपी ने अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत पर विस्तार से चर्चा की और निर्देश दिया कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तत्काल निवारण करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे।
समाधान दिवस में कुल 57 शिकायती प्रार्थना-पत्र दर्ज हुए, जिनमें से 05 का निस्तारण मौके पर किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 24, पुलिस विभाग की 14, विकास विभाग की 05, आपूर्ति और विद्युत विभाग की 04-04, जबकि कृषि और नगर निकाय से संबंधित 03-03 शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना-पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु भेजा गया।
इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धारवे, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह, पीडी एस.एन. चौरसिया सहित अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
==========
समाधान दिवस पर मुस्कुराए चेहरे : लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
संपूर्ण समाधान दिवस जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का साक्षी बना। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने स्वयं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के 10 लाभार्थियों को सिलाई-मशीन युक्त टूलकिट प्रदान की गई। डीएम ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने हुनर के माध्यम से आजीविका को सुदृढ़ कर सकें।
