अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
इटवा तहसील के रामलीला मैदान में रविवार को सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें हिन्दू समाज की एकता, जागरूकता, संस्कार, संगठन और राष्ट्रहित पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
सम्मेलन का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि अयोध्या धाम हनुमानगढ़ी के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी महेश योगी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संगठन और संस्कारों में निहित है। उन्होंने कहा कि जब समाज अपने सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सजग होकर एकजुट होता है, तभी राष्ट्र सुदृढ़ और सुरक्षित बनता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राजीव नयन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिन्दू समाज का मूल स्वभाव समरसता और संगठन है, न कि विभाजन। उन्होंने कहा कि समाज को तोड़ने वाली शक्तियों के विरुद्ध जागरूक और संगठित रहना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिन्दू समाज किसी के विरोध में नहीं, बल्कि राष्ट्र, संस्कृति और मानवता के संरक्षण के लिए संगठित होता है।
श्री नयन ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी सनातन संस्कृति में निहित है और संस्कारों से जुड़कर ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से चरित्र निर्माण, समाज सेवा और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया। उनके संबोधन के दौरान पूरा पंडाल ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल के महामंत्री अनिल जायसवाल ने की। अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने संगठित समाज को ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बताया।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण, राष्ट्रहित, नैतिक मूल्यों तथा युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भारत माता की सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण देशभक्ति से गुंजायमान हो उठा। अंत में आयोजक सकल हिन्दू समाज द्वारा मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, सभी वक्ताओं, कार्यकर्ताओं एवं विशाल जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी, नगरसेवक विकास जायसवाल, बिस्कोहार नगरसेवक अजय गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक अवनीश, नगर प्रचारक राहुल, राकेश साहू, राधेश्याम जायसवाल, श्यामलाल चौरसिया, विजय जायसवाल, अखिलेश दीक्षित, मथुरा जायसवाल, नंदलाल सोनी, अभिषेक श्रीवास्तव, शंभूनाथ सोनी, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, राजन जायसवाल, शिवकुमार वर्मा, किशन जयसवाल, राजेश, अखिलेश, घनश्याम, सरयू प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
