रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बडोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

विश्व पूज्य दादा गुरुदेव श्रीमद विजय राजेन्द्र सुरेश्वरजी महाराज की 200वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद (राष्ट्रीय इकाई) के आह्वान पर स्थानीय परिषद परिवार द्वारा रोटरी क्लब ‘अपना’ के सहयोग से निःशुल्क सर्व-रोग निदान एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन मेघनगर के पूर्व सरपंच स्वर्गीय मनोहर कावड़िया (नेताजी) की 11वीं पुण्यतिथि पर स्थानीय कन्या प्राथमिक शाला परिसर में पारुल सेवाश्रम हॉस्पिटल, वडोदरा के सहयोग से किया गया।

शिविर का शुभारंभ धूप-दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर आचार्य श्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनि श्री कोमलकुमारजी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि मानव सेवा सर्वोच्च धर्म है और इस प्रकार के शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
200 रजिस्ट्रेशन, 600 ओपीडी — दवाइयाँ निःशुल्क वितरित
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जांच कराने पहुँचे। दोपहर 1:30 बजे तक 200 लोगों ने पंजीयन कराया और अलग-अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप कुल 600 ओपीडी दर्ज हुई। ब्लड शुगर, ईसीजी, नेत्र परीक्षण सहित चश्मों के नंबर भी निःशुल्क दिए गए। मरीजों को दवाइयाँ भी मुफ्त प्रदान की गईं।
चयनित मरीजों के लिए मुफ्त इलाज और सुविधाएँ
लगभग 40 मरीजों को आगे के गहन उपचार के लिए चयनित किया गया। उनके लिए वडोदरा तक निःशुल्क वाहन, रहने-खाने की व्यवस्था तथा आयुष्मान कार्डधारकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क उपचार की घोषणा की गई। जिनके पास कार्ड नहीं है, उन्हें 35–40% तक छूट दी जाएगी।
अंत में अतिथियों, डॉक्टरों और सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन रजत कावड़िया ने किया और आभार ज्ञापन परिषद महामंत्री राहुल लोढ़ा ने किया।

