इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
गुना के अंबेडकर चौराहे पर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल पीने से हुई मौतों और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित शब्दावली के विरोध में तीखा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।

पुतला दहन के दौरान चौराहे पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, तैनात पुलिस बल ने जलते पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी और झड़प हुई। पुतले को पूरी तरह जलाने की कोशिश में कुछ युवा कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं भी झुलस गए।
प्रदर्शनकारी मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे और उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रहे थे। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंचम भील के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
