ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

नए वर्ष के मद्देनज़र अकोला जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर जिले भर में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। अकोट शहर में थानेदार अमोल माड़वे के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रमुख चौराहों पर तैनात रही और पूरे शहर में सघन गश्त की गई।
नए वर्ष के मौके पर अकोला के कृषि नगर परिसर में हुई खूनी रंजिश की घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। अकोट शहर में समय रहते कड़ा बंदोबस्त कर नाकाबंदी की गई। हर वाहन की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी वाहन में शराब, नशीले पदार्थ या कोई संदिग्ध सामग्री न ले जाई जा सके।
पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि नए वर्ष के जश्न में शोर-शराबा या कानून व्यवस्था भंग न करें। अधिकारी और कर्मचारी स्वयं शहर में लगातार गश्त कर रहे हैं तथा पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। इससे नशेबाज़ और शरारती तत्व नजर नहीं आए।
एक ओर जहाँ शहर के बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए वर्ष के स्वागत में उत्साह से झूमते नजर आए, वहीं दूसरी ओर कड़ाके की ठंड में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपना कर्तव्य निभाते नजर आए। उनकी मेहनत के कारण लोग शांति और सुरक्षा के साथ नया वर्ष मना पाए।
