अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

राजस्थान में मावठ के साथ ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। नए साल के पहले दिन जयपुर, चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं, बीकानेर में बुधवार देर रात हुई ओलावृष्टि से कड़ाके की सर्दी लौट आई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे की भी चेतावनी दी है। इससे पहले बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से 6–8 जिलों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बारिश हुई।
जोधपुर, फलोदी, बाड़मेर और बीकानेर में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। आसमान में बादल छाने और बारिश होने से दिन के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। वहीं, सीजन की पहली मावठ से रबी फसलों को लाभ मिला है।
साल की शुरुआत बरसात और ओलावृष्टि के साथ
जयपुर और दौसा सहित कई जिलों में गुरुवार सुबह से घने बादल छाए रहे। साल के पहले दिन जयपुर के दुर्गापुरा, गोपालपुरा, मालवीय नगर सहित कई इलाकों में सुबह 5 बजे से रुक-रुककर हल्की बारिश हुई।
शहर के अन्य हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में भी साल की शुरुआत तेज बारिश के साथ हुई, जहां शहरी इलाकों में लगभग आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई।

