मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश शासन खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के अंतर्गत गरीब परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक पेट्रोलियम गैस मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी एसओपी के अनुपालन में आज अपर कलेक्टर छिंदवाड़ा श्री धीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री उज्जवला योजना श्री अभीजीत सूर्यवंशी, ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर, गैस एजेंसी संचालक तथा सभी सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों को शासन के निर्देशों की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के दौरान चयनित ग्रामों में रह रहे गैस-कनेक्शन विहीन पात्र परिवारों को एसओपी के अनुसार गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु ग्रामवार दल का गठन किया गया है।
इसमें संबंधित सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा गैस एजेंसी संचालक, उचित मूल्य दुकान विक्रेता, ग्राम सचिव और छात्रावास अधीक्षक को दल में सम्मिलित किया गया है।
निर्देश दिए गए कि उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत फार्म भरने की प्रक्रिया जिले में ऑयल कंपनियों/गैस एजेंसी संचालकों द्वारा की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत पीव्हीटीजी (भारिया जनजाति) के शेष बचे परिवारों तथा धरती आबा अभियान के अंतर्गत आने वाले पात्र जनजातीय परिवारों के आवेदन तत्काल भरवाए जाएँ। पात्र परिवार शेष न रहें, इसके लिए प्रतिदिन समीक्षा करने और निर्धारित अवधि में कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिले के सभी ऐसे जनजातीय परिवारों से अपील की गई है, जो अभी तक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभ से वंचित हैं, कि वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी में पहुँचकर आवेदन कर सकते हैं।
