कहलगांव में नागरिक विकास समिति का आक्रोश, जनसमस्याओं के समाधान की उठी मांग | New India Times

अतीश दीपंकर, भागलपुर (बिहार), NIT:

कहलगांव में नागरिक विकास समिति का आक्रोश, जनसमस्याओं के समाधान की उठी मांग | New India Times

जिले के कहलगांव शहर में विभिन्न तरह की जनसमस्याओं से जूझ रहे लोगों की समस्याओं को लेकर नागरिक विकास समिति में व्यापक आक्रोश देखने को मिला।

इन समस्याओं को लेकर समिति ने सांसद, विधायक और प्रशासन से आग्रह किया कि कहलगांव की जनता जिन परेशानियों का सामना कर रही है, उनका शीघ्र समाधान किया जाए।

मामले को लेकर कहलगांव शहर के गांगुली पार्क, विक्रमशिला (बिहार) में नागरिक विकास समिति की एक आवश्यक और अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के साथ-साथ शहर के गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी और आम नागरिक भी शामिल हुए।

समिति की ओर से कहा गया कि सड़क का चौड़ीकरण किया जाए, कहलगांव को अतिक्रमण-मुक्त बनाया जाए और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ। इस दौरान विभिन्न जनसमस्याओं पर समिति ने कड़े तेवर दिखाए।

लोगों ने सवाल उठाया कि कहलगांव स्टेशन चौक पर अब तक अतिक्रमण क्यों है? वहाँ सड़क का चौड़ीकरण क्यों नहीं हो रहा? जब डीएम की ओर से एनएच की तय चौड़ाई लागू करने का आदेश है, तो उसका पालन क्यों नहीं किया जा रहा?

लोगों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन के पास नक्शा उपलब्ध नहीं है, तो समिति नक्शा देने के लिए तैयार है — बस प्रशासन उस पर अमल करे। इस मुद्दे को लेकर लोगों में खासा आक्रोश देखा गया।

सभा में मांग रखी गई कि कहलगांव स्टेशन चौक का चौड़ीकरण किया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और एनएच की निर्धारित चौड़ाई को पूरी तरह लागू किया जाए।

कार्यक्रम में समिति के रणधीर चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, चंदन कुमार, डॉ. पवन कुमार सिंह, श्याम कुमार चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

By nit

Exit mobile version